पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने गांधी परिवार के नेतृत्व को चुनौती देने का विरोध करते हुए कहा है कि अभी यह समय इस तरह की बातों के लिए नहीं है। गांधी परिवार ही पार्टी की खोई शान बहाल कर सकता है और देश की अंदरूनी और बाहरी खतरों से रक्षा कर सकता है। कैप्टन ने कहा कि सोनिया गांधी जब तक चाहें अध्यक्ष रहें और उसके बाद राहुल गांधी पार्टी की कमान संभालें। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि पत्राचार से कुछ नहीं होगा। अच्छा होता कि पत्र लिखने वाले नेताओं ने जन आंदोलन से अपने नेतृत्व की क्षमता को साबित किया होता।
नेताओं ने सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुनने पर जोर दिया
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद, केके तिवारी, लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी, सांसद मनिकम टैगोर, पार्टी के सचिव सीवीसी रेड्डी और कर्नाटक के पूर्व सीएम सिद्दरमैया ने गांधी परिवार के प्रति भरोसा जताते हुए सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुनने पर जोर दिया है।