निर्वाचन आयोग ने अभी तक मध्य प्रदेश में 27 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनावों की तारीखों का एलान नहीं किया है लेकिन भाजपा और कांग्रेस नेताओं के मैदानी दौरों की शुरुआत हो गई है। चुनावी शंखनाद के मामले में भाजपा तो कांग्रेस से आगे निकल गई है लेकिन प्रत्याशियों को तय करने में कांग्रेस ने भाजपा को पीछे छोड़ दिया है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के दिग्गज नेता कमल नाथ शनिवार से चुनावी दौरों की शुरुआत करने जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमल नाथ आगर और सांवेर सीट से चुनावी शंखनाद करेंगे। कांग्रेस ने इस बार उम्मीदवारों के चयन में देरी नहीं की है। अभी तक मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और उनके मंत्री मैदानी दौरों को अंजाम देकर पार्टी के लिए माहौल बनाने में जुटे थे लेकिन कांग्रेस ने प्रत्याशियों को तय करके मैदानी तस्वीर साफ कर दी है।