कांग्रेस के अंतरिम अध्यक्ष के तौर पर सोनिया गांधी का कार्यकाल खत्म हो चुका है। इसे देखते हुए कांग्रेस में बदलाव की मांग उठने लगी है। इस बारे में कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्यों, पार्टी सांसदों और पूर्व मंत्रियों समेत पार्टी के शीर्ष 23 नेताओं ने सोनिया गांधी को पत्र लिखा है। पत्र में कहा गया है कि पार्टी को संचालित करने के लिए प्रभावी केंद्रीय नेतृत्व की दरकार है। इस बीच कांग्रेस के दिग्गजों के अलग अलग बयान सामने आए हैं। कुछ नेता सोनिया के नेतृत्व से संतुष्ट हैं तो कुछ ने राहुल को दोबारा अध्यक्ष पद देने की गुहार लगाई है। इस बीच कांग्रेस ने सोनिया गांधी के इस्तीफा देने का मन बनाने की खबरों को खारिज कर दिया है। कांग्रेस के आधिकारिक प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा है कि सोनिया गांधी के अंतरिम अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने की खबरें झूठी हैं।